रुद्रपुर। नैनीताल के एक रेस्टोरेंट कारोबारी से विदेशी मुद्रा में निवेश कर मुनाफे का झांसा देकर 68 लाख की साइबर ठगी हो गई। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाना पंतनगर ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, नौकुचियाताल नैनीताल निवासी राजेन्द्र कुमार पंत ने बताया कि नैनीताल में उनका खुद का एक रेस्टोरेंट है। अक्तूबर 2025 में फेसबुक के माध्यम से उनकी पहचान रिचा सचदेवा नाम की एक महिला से हुई। महिला ने स्वयं को निवेश कंपनी का मार्केटिंग और फोरेक्स ट्रेडिंग सलाहकार बताया और विदेशी मुद्रा में निवेश पर भारी मुनाफा दिलाने का दावा किया। उसने व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से लगातार संपर्क बनाए रखा। कंपनी का लोगो और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म दिखाकर विश्वास दिलाया कि निवेश पूरी तरह सुरक्षित और लाभकारी है। झांसे में आकर उन्होंने 23 अक्तूबर 2025 से 13 फरवरी 2026 के बीच 11 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 68 लाख 4 हजार 800 रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। यह धनराशि देश के अलग-अलग बैंकों में संचालित खातों में भेजी गई। पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने निवेश की गई राशि और मुनाफा निकालने का प्रयास किया तो साइबर ठग ने टैक्स, मार्जिन मनी, एक्सचेंज फीस और अन्य शुल्क के नाम पर अतिरिक्त धनराशि की मांग शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। साइबर क्राइम थाना पंतनगर प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल प्लेटफॉर्म की जानकारी खंगाली जा रही है।