भिवाड़ी , राजस्थान के भिवाड़ी में आज सुबह एक बहुत दर्दनाक घटना घट गई, जहां भिवाड़ी की एक केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से 7 लोग जिंदा जल गए। जानकारी के मुताबिक मृतकों के शवों को निकाल लिया गया है। वहीं बताया जा रहा है कि कुछ मजदूर अभी भी फैक्टरी में फंसे हुए हैंं। कुछ चश्मदीदों के मुताबिक घटना के समय करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। हादसा खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एरिया में हुआ है।
इसी दौरान पुलिस की एक टीम गश्त कर रही थी, तभी टीम को घटना का पता चला और रेस्क्यू शुरू किया गया। आग की लपटें देखकर कुछ मजदूर सुरक्षित बाहर निकल आए। खुशखेड़ा फायर स्टेशन और भिवाड़ी रीको स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मौके पर तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह मौजूद हैं और उन्होंने जांच शुरू कर दी है। भिवाड़ी एसपी और एडीएम भी जल्द ही घटनास्थल पर पहुंचने वाले हैं।