रुड़की। रामनगर क्षेत्र में शुक्रवार को लंबे समय से बकाया बिजली बिल नहीं चुकाने वालों पर ऊर्जा निगम ने सख्त कार्रवाई कर 70 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए। इन उपभोक्ताओं पर कुल मिलाकर करीब 28 लाख रुपये का बकाया चल रहा था। ऊर्जा निगम का कहना है कि बकायेदारी के कारण न सिर्फ राजस्व को नुकसान होता है, बल्कि नियमित बिल भरने वाले उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त भार पड़ता है। वहीं अब वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओार है। ऐसे में निगम ने बकाया वसूली पर फोकस करना शुरू कर दिया है। इसी को देखते हुए निगम ने रामनगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर बकायेदारों की पहचान की। इसमें उन लोगों को शामिल किया गया, जिन पर निगम का दस हजार से ज्यादा बकाया चल रहा था।
बसेड़ी में तीन जगह पकड़ी बिजली चोरी:
बसेड़ी गांव में ऊर्जा निगम की टीम ने चेकिंग की। वहां टीम ने तीन लोगों के घर में बिजली की चोरी पकड़ी है। जेई संदीप कुमार ने कोतवाली में तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उनकी टीम में एसडीओ अमीचंद, और लाइन स्टाफ से मौहम्मद अली, सलमान शामिल थे।