जिले में धूमधाम से मनाया 73वां गणतंत्र दिवस

Spread the love

-विभिन्न कार्यालयों व कार्यक्रमों में किया गया ध्वजारोहण
-कर्मचारियों व अधिकारियों ने ली संविधान की शपथ
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जनपद गढ़वाल में 73वां गणतंत्र दिवस मंडल मुख्यालय, सहित जनपद के समस्त क्षेत्रों में ध्वजारोहण व संविधान की शपथ के साथ धूमधाम से मनाया गया। जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने सुबह नौ बजे कैंप कार्यालय में ध्वजारोहण कर उपस्थित लोगों को शुभकामनाएं दी। वहीं, साढ़े नौ बजे आयुक्त कार्यालय में अपर आयुक्त नरेंद्र क्वीराल व कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ भी दिलाई। उधर, कंडोलिया खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण दिन है जब भारत गर्व के साथ संवैधानिक लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में 73वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है।
जिलाधिकारी डॉ. जोगदंडे ने कहा कि गणतंत्र दिवस 26 तारीख को इसलिए मनाया जाता है, क्योंकि इसी तारीख को भारतीय संविधान लागू हुआ था। इस दौरान उन्होंने देश के महान व्यक्तियों की विस्तृत जानकारी भी दी। उन्होने देश के स्वतंत्रता सैनानियों को याद करते हुए नमन किया, साथ ही देश की आजादी के लिये अपने प्राणों की आहूति देने वाले वीरों नायकों तथा देश की सीमाओं पर शहीद होने वाले जवानों को भी याद किया। कहा कि हमारे संविधान में महात्मा गांधी, ग्राम स्वराज, सामाजिक, आर्थिक सहित अन्य का उल्लेख किया गया है। इस मौके पर एसएसपी यशवंत सिंह चौहान ने जिलाधिकारी को स्मृति चिह्न भी भेंट किया। इसके अलावा एसएसपी कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान, विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत कुमार आर्य ने ध्वजारोहण कर वहां उपस्थित कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई।
बॉक्स
अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी करें निर्वहन
जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर कहा कि हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी निर्वहन करना चाहिए और सोचना चाहिए कि जो समाज का गरीब, वंचित वर्ग है वह भी समाज की मुख्यधारा में शामिल हो सके। हमें गांधी, टैगोर, विवेकानंद जैसे नैतिकता प्रदान करने वाले व्यक्तियों और सुभाष चंद्र बोस, भगतसिंह, चंद्रशेखर आजाद जैसे क्रांतिकारियों से प्रेरणा लेनी चाहिए, जिन्होंने अपने देश के लिए हर तरह से योगदान दिया।
इस अवसर पर एसएसपी यशवंत सिंह चौहान, मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत कुमार आर्य, अपर जिलाधिकारी ईला गिरी, एएसपी अनूप काला, उप जिलाधिकारी लैंसडौन स्मिता परमार, उपजिलाधिकारी कोटद्वार मुक्ता मिश्रा, सीओ सदर प्रेमलाल टम्टा, आरआई विपेंद्र सिंह सहित दीपक नेगी, मनोज रावत, प्रदीप बिष्ट आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *