रंगारंग कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

Spread the love

ध्वजारोहण, परेड, झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा गणतंत्र दिवस समारोह
जिलाधिकारी ने जनपद मुख्यालय में किया ध्वजारोहण, उत्कृष्ट कार्मिकों को सम्मानित करते हुए परेड की ली सलामी
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद में 77वां गणतंत्र दिवस सोमवार को पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न स्थानों पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रात: काल के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा हाथों में तिरंगा लेकर प्रभात फेरियां निकाली गईं, वहीं जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों एवं विभागीय कार्यालयों में ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किए गए। जिलाधिकारी ने सीडीएस पार्क में देश के प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। साथ ही कंडोलिया स्थित गांधी पार्क में जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति पर भी माल्यार्पण किया।
कंडोलिया मैदान में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने प्रतिभाग किया। उन्होंने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। इससे पूर्व जिलाधिकारी ने 9:30 बजे कलेक्ट्रेट में, एसएसपी सर्वेश पंवार ने पुलिस लाइन, अपर आयुक्त गढ़वाल मंडल उत्तम सिंह चौहान ने आयुक्त कार्यालय, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने विकास भवन में ध्वजारोहण किया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने वहां उपस्थित अधिकारियों व कार्मिकों को संविधान की शपथ भी दिलायी। उन्होंने कहा कि गणतंत्र के 77वें वर्ष में प्रवेश के साथ आत्ममंथन आवश्यक है कि अब तक क्या उपलब्धियां मिलीं और आगे किन लक्ष्यों को प्राप्त करना है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों से ईमानदारी, निष्ठा व जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने आह्वान किया कि प्रशासन मानव केंद्रित होना चाहिए, ताकि आमजन के कार्य समय पर पूरे हों और जनता को योजनाओं का अधिकाधिक लाभ मिले। डीएम ने कहा कि यह दिवस लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संवैधानिक मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने पौड़ी को संघर्षों की ऐतिहासिक धरती बताते हुए यहाँ गणतंत्र दिवस मनाने को गर्व का विषय बताया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, डीएसटीओ राम सलोने, सीओ पुलिस तुषार बोरा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित डुबरिया, जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार, जिला निबंधक सहकारिता सौरभ कुमार, जिला खेल अधिकारी जयबीर रावत, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष जसपाल नेगी, यशपाल बेनाम, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली बच्चे व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की झांकी रही पहले स्थान पर
कंडोलिया मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिलाधिकारी को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस के जवानों व विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में एएसपी संचार अनूप काला ने जिलाधिकारी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया तथा परेड का नेतृत्व किया। जिलाधिकारी ने परेड का निरीक्षण किया तथा झांकियों की सलामी ली। विभिन्न विभागों द्वारा निकाली गयी झांकियों व स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति कार्यक्रमों से रंगारंग प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। श्रीनगर के मार्शल स्कूल द्वारा मशकबीन की धुनों पर प्रस्तुत किया गया बेड़ू पाको बारामासा दर्शकों को पर्वतीय संस्कृति की मनोरम छवि की ओर ले गया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की झांकी ने लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान, ग्राम्य विकास विभाग ने द्वितीय स्थान तथा वन विभाग की झांकी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की पत्नी को किया सम्मानित
गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. उम्मेद सिंह नेगी की धर्मपत्नी शिवदेई देवी को उनके निवास स्थान ग्राम नलाई में घर पर जाकर तहसीलदार पौड़ी सदर दीवान सिंह राणा ने सम्मान सहित अंग वस्त्र ओढ़कर व प्रशस्ति पत्र पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर ग्राम पंचायत प्रधान सहित ग्रामवासी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *