राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार की वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता शुरू
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : डॉ. पीताम्बर दत्त बड़थ्वाल हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को स्पोर्ट स्टेडियम गाड़ीघाट कोटद्वार में हुआ। प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।

खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. डी.एस. नेगी, क्रीड़ा विभाग प्रभारी डॉ. हीरा सिंह बिष्ट ने किया। इस मौके पर 800 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, गोला फेंक, लंबी कूद आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। 800 मीटर दौड़ छात्रा वर्ग में मेघा प्रथम, ललिता द्वितीय, सारिका तृतीय स्थान पर रहीं। छात्र वर्ग में प्रभु महतो प्रथम, रोशन सैनी द्वितीय, विशाल सिंह रावत तृतीय रहे। गोला फेंक छात्रा वर्ग में सोनाली, हर्षिता और अदिति, लंबी कूद में कनिका, हर्षिता, शिखा नेगी ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी.एस. नेगी ने विद्यार्थियों को खेलों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। क्रीड़ा प्रभारी एवं समारोह के संयोजक डॉ. हीरा सिंह के मार्गदर्शन में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।