रुद्रप्रयाग : अटल उत्कृष्ट राइंका अगस्त्यमुनि में आयोजित जिला स्तरीय इन्सपायर अवार्ड प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में 101 बाल वैज्ञानिकों में से 95 ने अपने नवाचारी मॉडल पेश किए। जिसमें से नौ बाल वैज्ञानिकों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। राइंका अगस्त्यमुनि में प्रतियोगिता का शुभारंभ राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि के प्राचार्य डॉ. कैलाश दत्त पुरी एवं केन्द्रीय विद्यालय अगस्त्यमुनि की प्राचार्या अदिति नेगी ने दीप जलाकर किया। मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. कैलाश दत्त पुरी ने बाल वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से छात्रों में वैज्ञानिक सोच के साथ कार्य सम्पादन की प्रवृति पैदा होती है। उन्होंने बाल वैज्ञानिकों द्वारा बनाये गये मॉडलों का अवलोकन कर उनके संबंध में विस्तार से जानकारी ली। विशिष्ट अतिथि केवि की प्राचार्या अदिति नेगी ने सभी बच्चों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के जिला समन्वयक रमेश चन्द्र मैठाणी ने बताया कि जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता में जिले के सभी विद्यालयों के कक्षा छह से दस तक के चयनित 95 बच्चों ने प्रतिभाग किया। जिसमें से नौ बच्चों राइंका जयन्ती कोठियाड़ा के कुलदीप सिंह, राइंका त्यूंखर के अमन सिंह, माउंटेश्वरी औंकारानन्द जखोली की स्नेहा पुंडीर तथा श्रेया पंवार, यूपीएस तुनेटा की सिमरन, राइंका नगरासू के प्रिगयांशु रावत, यूपीएस भराड़सैंण की मानसी, यूपीएस कोटी मदौला की आरुषि नेगी, यूपीएस तिनसोली के पियूष सिंह का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। इस अवसर पर सभी ब्लॉक समन्वयक, स्थल संयोजक प्रधानाचार्य संजय सजवाण सहित विभिन्न विद्यालयों के 70 से अधिक मार्गदर्शक शिक्षक मौजूद रहे। संचालन राइंका गुप्तकाशी के पंकज भट्ट ने किया। (एजेंसी)