हरिद्वार। रोड़ी बेलवाला में स्थापित किए पिंक वेंडिंग जोन के संचालन की मांग को लेकर लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा व पिंक वेंडिंग जोन की अध्यक्ष पूनम माखन के नेतृत्व में पिंक वेंडिंग जोन से नगर निगम आयुक्त के कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर सहायक नगर आयुक्त का घेराव किया। लघु व्यापारियों की मांगों का नगर निगम में उप नेता प्रतिपक्ष राजेश शर्मा, पार्षद विनीत जोली, भाजपा के वरिष्ठ नेता आलोक मिश्रा, युवा भाजपा नेता पंकज छाबड़ा ने समर्थन किया। लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा असंगठित क्षेत्र की महिला लघु व्यापारियों को मुख्यधारा में लाकर स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उत्तराखंड सरकार की महिला सशक्तिकरण की इस योजना का स्वागत करते हुए नगर निगम प्रशासन को जल्द से जल्द पिंक वेंडिंग जोन का संचालन शुरू करना चाहिए। जिससे महिला लघु व्यापारियों को योजना का लाभ मिल सके। सहायक नगर आयुक्त श्याम सुंदर प्रसाद ने लघु व्यापारियों को आश्वासन देते हुए कहा कि बिजली, पानी, सीसीटीवी, कैमरे सड़क आदि व्यवस्थाएं पूरी कर जल्द ही बाजार का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस संबंध में संबंधित एजेंसी को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस दौरान पूनम दुआ, कामिनी मिश्रा, पुष्पा दास, गुंजन सैनी, संगीता मंडवाल, आशा देवी, रामदेवी निरंजन, श्यामा देवी, तन्नू, पार्वती देवी, आशा कश्यप, निर्मला, संगीता, मंजू पाल, संगीता चौहान, नम्रता सरकार, राजेंद्र पाल, मनोज मंडल, जय भगवान, विजय गुप्ता, कुमार सिंह, अनुज कश्यप आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।