अस्पताल की बदहाली पर हिंदूवादी संगठन खफा
बागेश्वर। जिला अस्पताल की बदहाली पर हिंदूवादी संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इस बदहाली के खिलाफ कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जल्द समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने जिला अस्पताल प्रबंधन कि खिलाफ प्रदर्शन किया। वक्तओं ने कहा कि इन दिनों जिला अस्पताल में व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताले लग गए हैं। शौचालय भी अस्पताल आने वाले रोगियों और तीमारदारों के काम नहीं आ रहे हैं। दूर-दराज से जिला मुख्यालय आने वाले गर्भवती महिलाओं की सुध लेने वाला कोई नहीं है। यहां तक की रात में कई महिलाएं दर्द से कहार रही हैं, उनके देखने के लिए नर्स तक नहीं हैं। इस कारण लोग परेशान हो गए हैं। डॉक्टर भी अधिकतर दवाइयां भी बाहर से लिख रहे हैं। जिला मुख्यालय में स्थापित अस्पताल बदहाल हो गया है। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर विहिप संयोजक विजय परिहार, गौरव रौतेला, सचिन, योगेश तिवारी, अजय पांडे, दीपक गड़िया आदि मौजूद रहे।