नगर निगम के खिलाफ वार्डवासियों ने किया प्रदर्शन
पदमपुर क्षेत्र से डाकघर हटाने के लिए नोटिस जारी करने का विरोध
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पदमपुर क्षेत्र के पंचायत घर में संचालित हो रहे उपडाकघर को हटाने के लिए निगम की ओर से नोटिस जारी करने का वार्डवासियों ने विरोध किया है। बुधवार को वार्डवासियों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए डाकघर को यथास्थिति करने की मांग उठाई।
बुधवार सुबह पदमपुर वासी मालवीय उद्यान में एकत्रित हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए वार्डवासी नगर निगम परिसर में पहुंचे। जहां वार्डवासियों ने समस्या के संबंध में नगर आयुक्त को ज्ञापन दिया। पूर्व ग्राम प्रधान चंद्रप्रकाश नैथानी व गोविंद प्रसाद डंडरियाल ने कहा कि पदमपुर स्थित पंचायतघर में विगत कई सालों से उपडाकघर संचालित हो रहा है। लेकिन नगर निगम प्रशासन ने उपडाकघर को खाली करवाने का नोटिस दे दिया है। जबकि उक्त उपडाकघर से हजारों लोगों को डाकघर से संचालित योजनाओं का लाभ मिल रहा है। बुर्जुग, दिव्यांग व महिलाओं को नजदीकी डाकघर से फायदा हो रहा है। कहा कि नगर निगम उपडाकघर को हटवाने के लिए बोर्ड बैठक में परित प्रस्ताव का हवाला दे रहा है। जोकि सर्वथा अनुचित निर्णय है। कहा कि नगर निगम को बोर्ड बैठक बुलवाकर डाकघर की यथास्थिति बनाए रखने का प्रस्ताव पारित करना चाहिए। इस मौके पर राजेंद्र सिंह रावत, प्रताप सिंह, जयपाल सिंह, तीरथ सिंह, नरेंद्र सिंह, मदन सिंह, राजेंद्र प्रसाद, जीत सिंह, आशा नेगी, मुन्नी काला, नंदा देवी, बबीता रावत, प्रीति, हिमानी रावत, ज्योति बिष्ट, इंदु डोबरियाल, राजमती देवी, दर्शनी देवी, मौजूद रहे।