18 को चलेगा बृहद स्वच्छता अभियान
श्रीनगर गढ़वाल : कीर्तिनगर क्षेत्र में 18 जून को बृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जिसमें विभिन्न विभागों व आम जन की ओर से भाग लिया जाएगा। इससे पहले अभियान को सफल बनाने व स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए स्कूलों में पेंटिंग, ड्राइंग व स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
तहसील विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष व सिविल जज कीर्तिनगर शैलेंद्र कुमार यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह अभियान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उच्च न्यायालय के संयुक्त तत्वावधान में पूरे उत्तराखंड में चलाया जाना है। बीते शुक्रवार को तहसील स्तर पर इस संदर्भ में एक बैठक भी आहुत की गई थी। जिसमें स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, स्कूल संचालक, व्यापार मंडल के सदस्यों व अन्य लोगों द्वारा प्रतिभाग किया गया था। कहा 18 जून को करीब 4 घंटे तक चलने वाला यह स्वच्छता अभियान मात्र अभियान बनकर ही न रह जाए इसके लिए जरूरी तैयारियां की गई हैं। (एजेंसी)