जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : बुधवार को पौड़ी जिले में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आठ लोग घायल हो गये। देवप्रयाग-पौड़ी मोटरमार्ग पर अंछरीखाल के पास जीप और कार की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में कार सवार पति-पत्नी सहित चार लोग घायल हो गये। वहीं बुआखाल के समीप दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइकों में सवार एक बच्चे सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल पौड़ी में उपचार चल रहा है। सभी लोग खतरे से बाहर है।
बुधवार सुबह परमेंद्र थपलियाल छिद्दरवाला ऋषिकेश से अपने परिवार के साथ पौड़ी के लिए कार से आ रहे थे। इसी दौरान खांडयूसैंण के पास अंछरीखाल के पास सवारियों से भरी मैक्स वाहन से कार की टक्कर हो गई। दुर्घटना में परमेंद्र थपलियाल व उनकी पत्नी अनुसूया थपलियाल सहित कार में सवार दीपक रावत और हर्ष लाल घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से निजी वाहन से सभी घायलों को जिला अस्पताल पौड़ी लाया गया, जहां पर उनका उपचार चल रहा है। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय निवासी पंकज रावत ने बताया कि इस दौरान उन्होंने 108 आपातकालीन सेवा को फोन किया, लेकिन फोन नॉट रिचेबल आ रहा था। जिसके चलते घायलों को निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल के डा. अमरीश ने बताया कि सभी लोग खतरे से बाहर हैं।
बाइकों की भिडंत, एक बच्चे सहित चार लोग घायल
पौड़ी : बुआखाल के समीप दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइकों में सवार एक बच्चे सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पौड़ी में भर्ती कराया गया है। बुधवार की सुबह दंदाल गांव निवासी नितिन रावत बाइक से थलीसैंण ड्यूटी पर जा रहे था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई, जिसमें एक बालक सहित तीन लोग सवार थे। हादसे में 32 वर्षीय नितिन रावत, 13 वर्षीय शिवम, 32 वर्षीय गजेंद्र सिंह व 34 वर्षीय दिनेश घायल हो गए। इस दौरान मार्ग से गुजर रहे स्थानीय निवासी गणेश नेगी ने अपने वाहन से घायलों की मदद कर उन्हें जिला अस्पताल पौड़ी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बताया कि गजेंद्र सिंह को अधिक चोटें आई हैं, फिलहाल उसका उपचार चल रहा है। अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं। जिला अस्पताल के डा. अमरीश ने बताया कि घायलों का उपचार किया जा रहा है।