संवाद कार्यक्रम छात्र-छात्राओं के लिए बेहद जरूरी
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : खिर्सू ब्लाक के राजकीय इंटर कॉलेज चोपड़ा में राजनीति विज्ञान शाखा द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव में संसद व विधानसभा में महिला आरक्षण कानून विषय पर संवाद कार्यक्रम की तीसरी चर्चा का आयोजन किया गया। भूगोल प्रवक्ता ने संवाद कार्यक्रम को छात्र-छात्राओं के लिए बेहद जरूरी बताया। कहा कि आधी आबादी को उनका प्रतिनिधित्व देने की दिशा में नारी शक्ति वंदन कानून एक मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानाचार्य योगेंद्र चौधरी ने महिला आरक्षण कानून को बदलते समय की मांग बताते हुए इसे महिलाओं का मौलिक अधिकार बताया।
स्कूल में राजनीति विज्ञान प्रवक्ता मयंक उनियाल द्वारा यह नई पहल शुरू की गई है। जिसके द्वारा विद्यार्थी समसामयिक विषयों पर चर्चा कर सकेंगे। साथ ही उनमें अपनी बात प्रस्तुत करने का भी साहस उत्पन्न होगा। स्कूल में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम का कक्षा 12 की छात्रा रंजना ने संचालन करते हुए जानकारी दी। हिंदी प्रवक्ता ललिता शाह ने कहा कि यह कानून निश्चित ही स्वागत योग्य है जिसे काफी पहले लागू हो जाना चाहिए था। उन्होंने इस तरह के संवाद कार्यक्र मों को जरूरी बताया। प्रवक्ता अर्थशास्त्र उर्मिला ने कहा कि आजाद भारत में पहली बार महिलाओं का संसद की दहलीज तक जाने का रास्ता कुछ हद तक साफ हुआ है। जिसके दूरगामी परिणाम देखने को मिलेंगे। कहा कि इस तरह के समसामयिक विषयों पर चर्चा करने से छात्र-छात्राओं में संवाद कौशल विकसित होगा व जानकारी भी बढ़ेगी। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक मयंक उनियाल, जयप्रकाश, विनोद शाह, कैलाश चंद्र, स्वाति, गुंजन, मनीषा, सिमरन, तृप्ति, नरेंद्र, शुभम आदि शामिल रहे।