गुलदार के हमले में महिला घायल, क्षेत्र में दहशत का माहौल
हंस फाउंडेशन अस्पताल सतपुली में चल रहा महिला का उपचार, वन विभाग ने लगाया पिंजरा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रविवार दोपहर में ग्राम कुण्ड ढाढूखाल के सतपुली-पौड़ी मार्ग पर सड़क के नीचे की तरफ गांव की कुछ महिलाएं मवेशियों के लिए घास काटने के लिए गई थी। इसी दौरान गुलदार ने एक महिला पर हमला कर घायल कर दिया। महिला का हंस फाउंडेशन अस्पताल सतपुली में उपचार चल रहा है। वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए घटनास्थल के आसपास पिंजरा लगा दिया है।
रविवार दोपहर को श्रीमती शांति देवी पत्नी राजपाल सिंह गांव की महिलाओं के साथ मवेशियों के लिए घास लेने के लिए गांव के पास ही गई थी। इसी दौरान अचानक गुलदार ने शांति देवी पर हमला कर घायल कर दिया। उसके छाती और हाथ में गंभीर चोट आई है। अन्य महिलाओं द्वारा शोर मचाने पर गुलदार महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया। किसी तरह और महिला की बहादुरी से वह गुलदार के हमले में बाल-बाल बच गई। महिला को फौरन हंस फाउंडेशन हस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के तत्काल राजस्व उपनिरीक्षक सुदामा रावत एवं वन क्षेत्र अधिकारी ललित नेगी अपनी टीम के साथ घायल महिला का हालचाल जानने के लिए अस्प्ताल पहुंचे। वन क्षेत्र अधिकारी ललित नेगी ने बताया कि घायल महिला को फिलहाल प्राथमिक उपचार के लिए 5000 हजार की राशि दी गई है, बाकी राशि मेडिकल परीक्षण के बाद दी जाएगी। उन्होंने बताया कि रोड़ के किनारे घनी झाड़ियां है। जिस कारण गुलदार घात लगाकर बैठा था। ज्ञात हो की घटना स्थल के 100 मीटर पर राउमा विद्यालय ढाढूखाल है। इसके अलावा ग्राम कुंड के छात्र-छात्राएं राइका बिलखेत और पुरियाडांग पढ़ने जाते हैं। जिससे क्षेत्रवासियों में दहशत का मौहाल बना है। वन क्षेत्र अधिकारी ने क्षेत्र वासियों से अनुरोध किया कि वह अपने रोजमर्रा के कार्यों के लिए अकेले न जाए और सतर्कता बरतें। नौनिहालों को विद्यालय में अकेले नहीं जाने दे, विद्यालय तक छोड़ने जाए। साथ ही अपने मवेशियों को और स्वयं को समय पर अपने दैनिक कार्यों को निपटा कर घर में रहें सुरक्षित रहे। आवश्यक हो तभी असमय घर से बाहर निकले। साथ ही समूह में ही घर से बाहर जाएं। उन्होंने कहा कि वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगा दिया है। किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और अपने साथ साथ दूसरे जनों को भी सुरक्षित और सतर्क रखें।