जितेंद्र कैंथोला बनें चुनाव पर्यवेक्षक
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से जिले के अंतर्गत आने वाली व्यापार मंडल इकाईयों की चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। सतपुली व्यापार मंडल के चुनाव के लिए जितेंद्र कैंथोला को चुनाव पर्यवेक्षक बनाया गया है।
मंगलवार को बैठक का आयोजन किया गया। सदस्यों ने बताया कि तीन वर्ष पूर्ण होने वाली इकाईयों का चुनाव करवाया जा रहा है। इसी प्रक्रिया में सतपुली व्यापार मंडल के चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया गया है। जिसके लिए जितेंद्र कैंथोला को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। एक फरवरी से तीन फरवरी तक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। आठ फरवरी के दिन दोपहर दो बजे तक नामांकन करवाए जाएंगे। जिसके लिए चुनाव समिति की घोषणा कर दी गई है। चुनाव संचालन में थामेश्वर कुकरेती, प्रेम सिंह रावत, चंद्रमोहन डोबरियाल करेंगे। इसी प्रक्रिया में जिला पौड़ी की अन्य इकाईयों में भी जहां कार्यकाल पूर्ण हो चुके है वहां शीघ्र पर्यवेक्षक की नियुक्ति होगी।