रुद्रप्रयाग : उत्तराखंड का लोकपर्व फूलदेई का शुभारंभ हो गया गया है। फूल संक्रांति पर बच्चों की टोलियों ने घरों की देहरियों पर फ्यूंली सहित अनेक किस्म के फूल डालकर सुख समृद्धि की कामना की। बालपर्व पर बच्चे फूलों की टोकरियों को हाथ में लेकर खुशियों की बहार भी लाए। मुख्यालय स्थित नगर पालिका के सम्पूर्ण क्षेत्र में बच्चों ने फूलदेई का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। रंग बिरंगे फूलों से भरी टोकरियों को हाथ में लेकर बच्चों ने फूलदेई छम्मा देई गीत गाकर सुख समृद्धि की कामना की। वहीं लोगों ने फूल डालने पर बच्चों को गुड़, चावल, दाल और रुपये भेंट किए। मुख्यालय के अलावा तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ, गुप्तकाशी, फाटा, सोनप्रयाग, गौरीकुंड, खांकरा, नगरासू, घोलतीर, रतूड़ा, सतेराखाल, दुर्गाधार सहित अनेक कस्बों में फूलदेई पर बच्चों ने घरों की देहरियों पर फूल डाले। (एजेंसी)