जोशीमठ। हेमकुंड साहिब के कपाट शनिवार 10 अक्तूबर को दोपहर डेढ़ बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इस यात्रा सीजन में करीब 6500 तीर्थयात्री पवित्र सरोवर में स्थान कर गुरुद्वारे में मत्था टेकने पहुंचे हैं।
हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने के दौरान करीब 1300 श्रद्घालु अंतिम अरदास में शामिल होंगे। शुक्रवार को गोविंदघाट से 435 श्रद्घालु हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुए। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने की प्रक्रिया शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे पहली अरदास के साथ शुरू होगी।
सुबह दस बजे सुखमणी का पाठ और 11 बजे शबद कीर्तन होगा। दोपहर साढ़े बारह बजे इस वर्ष की अंतिम अरदास पढ़ने के बाद गुरु ग्रंथ साहिब को पंच प्यारों की अगुवाई में सचखंड में विराजमान किया जाएगा और दोपहर डेढ़ बजे हेमकुंड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।