नई दिल्ली। बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने टी20 वल्र्ड कप 2024 के मैच में नेपाल को 21 रनों से हरा दिया। लेकिन इस मैच में कुछ ऐसा हो गया जिसे पूरे मैदान को हैरान कर दिया। मैच के दौरान नेपाल और बांग्लादेश के खिलाड़ी आपस में भिड़ गए। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों लड़ने को तैयार हो गए थे। इस लो स्कोरिंग मैच में दोनों टीमें जीत की कोशिश में थीं। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 106 रन बनाए थे। नेपाल की टीम काफी कोशिश के बाद भी ये लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई और 19.2 ओवरों में 85 रनों पर ही ढेर हो गई।
तीसरे ओवर में हो गई लड़ाई
नेपाल की टीम चेज कर रही थी और अपने दो विकेट नौ रनों पर ही खो बैठी थी। तीसरा ओवर तनजीम हसन साकिब कर रहे थे। तीसरे ओवर में तनजीम ने दो विकेट गिरा दिए थे। इस ओवर की आखिरी गेंद पर नेपाल के कप्तान रोहित पॉडेल और तनजीम के बीच लड़ाई हो गई। तनजीम की गेंद को रोहित ने गली की तरफ खेला। यहां रन नहीं आया लेकिन तनजीम ने रोहित को घूरना शुरू कर दिया। इसके बाद रोहित भी उन्हें घूरने लगे। तनजीम फिर गुस्से में रोहित के पास गए और कुछ कहने लगे। रोहित भी गुस्से में आ गए और तनजीम से बहस करने लगे। दोनों एक दूसरे के काफी करीब आ गए थे। इस बीच अंपायरों और बाकी खिलाड़ियों ने दोनों को अलग किया और लड़ाई शांत कराई।