बहन ने ससुराल पक्ष के साथ मिलकर भाई की संपत्ति हड़पी
रुड़की।छोटी बहन ने अपने पति व ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के साथ मिलकर भाई की संपत्ति हड़प ली। आरोप है कि भाई को पहले बहन ने नशे का आदि बनाया। उसके बाद उसे नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया। आरोपियों ने उसके नशे का लाभ उठाते हुए उसकी पूरी संपत्ति बहन के नाम करा दी। पीड़ित को जब घटना के संबंध में पता चला तो उसने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने महिला सहित तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। कोतवाली क्षेत्र के गांव मुंडलाना निवासी अंकित कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके माता-पिता का निधन हो गया है। उसकी तीन बहनें हैं। जिनकी उसके द्वारा शादी कर दी गई थी। सबसे छोटी बहन की शादी उसके द्वारा देवबंद थाना क्षेत्र के गांव चंद्रपुर कायस्थ निवासी विकास कुमार के साथ की गई है। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी बहन के ससुराल वाले उसकी संपत्ति पर नजर रखे हुए थे। जब वह बहन के यहां जाता तो आरोपी उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसे कई कई दिनों तक घर में रखते थे। इसी प्रकार से वह नशे का आदी हो गया। सोने चांदी के आभूषण तथा अन्य कीमती सामान भी चुराने का आरोप है। उसने पुलिस को बताया कि इसी साल 28 जनवरी को रुड़की रोड स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां वह चिकित्सकों की निगरानी में 28 अप्रैल तक रहा। उसके बाद आरोपी उसे एक बार फिर ग्राम चंद्रपुर कायस्थ ले गए। पूरी तरह से ठीक नहीं हुआ था कि आरोपियों ने एक बार फिर उसे नशा पिलाना शुरू कर दिया। आरोपियों ने पीड़ित का नशे का लाभ उठाकर उससे पूरी संपत्ति उसकी बहन के नाम दान पत्र पर लिखवा डाली। बाद में जब पीड़ित को पता चला तो उसने अन्य को इसकी जानकारी दी। इंस्पेक्टर अमरचंद शर्मा ने बताया कि पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने पीड़ित की बहन मंजू, उसके पति विकास तथा ससुराल पक्ष के एक अन्य व्यक्ति अरविंद निवासी ग्राम चंद्रपुर कायस्थ थाना देवबंद जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।