फुटबॉल : रिकी मीतेई हाओबाम को एसएएफएफ यू20 चैम्पियनशिप के लिए कप्तान नियुक्त किया गया

काठमांडू , भारतीय फुटबॉल टीम एसएएफएफ यू20 चैंपियनशिप के लिए बीती देर रात काठमांडू पहुंच चुकी है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत में अब सिर्फ दो दिन बचे हैं। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन है। टीम के मुख्य कोच रंजन चौधरी और दल के प्रमुख केएल निजामुद्दीन ने खिलाडिय़ों को बताया कि रिकी मीतेई हाओबाम और एबिंदास येसुदास को क्रमश: कप्तान और उपकप्तान बनाया गया है। चौधरी ने टूर्नामेंट से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, हम पिछले दो महीनों से तैयारी कर रहे हैं और सभी खिलाड़ी टूर्नामेंट शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। हमारा पहला मैच बहुत महत्वपूर्ण होगा क्योंकि यह बाकी मैचों के लिए टोन सेट करेगा।
भारत दो साल पहले भुवनेश्वर में एसएएफएफ यू20 चैंपियनशिप का चैंपियन रहा है
चौधरी ने कहा, हम मौजूदा चैंपियन हैं और यह हमारे लिए मोटिवेशन की बात है। चैंपियन होने के साथ कुछ अपेक्षाएं भी जुड़ी होती हैं और हम इन चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं।
कप्तान रिकी ने भी कोच की बात का समर्थन किया। उन्होंने कहा, हम पिछली बार भुवनेश्वर में चैंपियन थे और सभी को उम्मीद है कि हम इस टूर्नामेंट में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। हम जीतने पर पूरी तरह से केंद्रित हैं।
भारतीय टीम को ग्रुप बी में रखा गया है। भारतीय टीम अपना अभियान सोमवार को भूटान के खिलाफ शुरू करेगी। दूसरा और अंतिम ग्रुप मैच 23 अगस्त को मालदीव के खिलाफ होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 2:45 पर शुरू होंगे।
एसएएफएफ यू20 चैंपियनशिप के बाद, भारतीय टीम एएफसी यू20 एशियाई कप क्वालीफायर में भाग लेने के लिए लाओस जाएगी, जहां उनका सामना मंगोलिया (25 सितंबर), ईरान (27 सितंबर) और लाओस (29 सितंबर) से होगा।
एशियाई क्वालीफायर के बारे में पूछे जाने पर चौधरी ने कहा, बेशक, एएफसी यू20 एशियाई कप क्वालीफायर हमारे दिमाग में है। हमने इसकी पूरी तैयारी की है। लेकिन अभी हमारा ध्यान एसएएफएफ यू20 चैंपियनशिप पर है।
00

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *