यूथ कांग्रेस ने फूंका प्रदेश सरकार का पुतला
प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई व बेरोजगारी पर जताया रोष
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रदेश में लगातार बिगड़ रही कानून व्यवस्था, बेरोजगार सहित अन्य मुद्दों को लेकर यूथ कांग्रेस ने प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया। कहा कि व्यवस्था को सुधारने में भाजपा सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।
शनिवार को यूथ कांग्रेस विधानसभा उपाध्यक्ष शुभम रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील तिराहे पर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में महिलाओं पर अत्याचारों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। बहू-बेटियां प्रदेश में कहीं भी सुरक्षित नहीं रह गई हैं। वहीं प्रदेश सरकार के मंत्री और अधिकारी भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। इस कारण बेरोजगारों को नौकरियां नहीं मिल पा रही हैं। साथ ही दिन प्रतिदिन महंगाई भी बढ़ती जा रही है, लेकिन प्रदेश सरकार इस ओर ध्यान देने के लिए राजी ही नहीं है। कहा कि ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का हक नहीं है। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुतले को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों में राजा आर्य, सौरभ पांडे, अविरल पंत, आदित्य क्षेत्री, अनस खान, ऋषभ सिंह, अयान मसूरी, विपिन भंडारी और भाष्कर प्रजापति सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।