देश-विदेश

पहाड़ी राज्यों से मैदानी इलाकों तक बारिश का दौर जारी

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

नई दिल्ली। उत्तर भारत के पहाड़ों से लेकर पूर्वी भारत तक तेज वर्षा का दौर अब भी जारी है। इससे लोगों की परेशानियां बढ़ी हुई हैं। वहीं, अब हिमाचल और जम्मू कश्मीर के उच्च क्षेत्रों में हिमपात भी शुरू हो गया है। इससे बढ़ी गर्मी से राहत मिलने लगी है। हिमाचल में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में कहीं वर्षा तो कहीं हिमपात हुआ। हिमाचल में अधिकतर स्थानों पर बादल छाए रहे। उत्तराखंड में भी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा का क्रम जारी रहा। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में तेज वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। इसी तरह बिहार के भी 10 से ज्यादा जिलों के लिए अगले 24 घंटे के भीतर फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल में रोहतांग, शिंकुला व बारालाचा में हिमपात
हिमाचल में शनिवार को कांगड़ा, ऊना, बिलासपुर व शिमला में वर्षा हुई तो रोहतांग, शिंकुला व बारालाचा में हिमपात हुआ है। वर्षा और हिमपात के कारण अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट आई है। विशेषज्ञों के अनुसार, मौसम में यह बदलाव और वर्षा धान की फसल के लिए ठीक नहीं है। वहीं, बुधवार और गुरुवार ,शनिवार को हुई वर्षा के कारण प्रदेश में 33 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। आठ ट्रांसफार्मर खराब हैं, जिस कारण कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित है।
गुलमर्ग में मौसम की पहली बर्फबारी
कश्मीर में पिछले कई दिनों से तापमान के सामान्य से ऊपर बने रहने से गर्मी की चपेट में आई घाटी में शनिवार को मौसम ने करवट बदली। पर्यटनस्थल गुलमर्ग के अफरवट, गुरेज, राजदान टाप, सिंथन टाप और अन्य उच्च पर्वतीय इलाकों में मौसम की पहली बर्फबारी और श्रीनगर समेत निचले इलाकों में तेज वर्षा हुई। जम्मू संभाग में सुबह तेज वर्षा से तापमान में गिरावट आई है। कुछ जगहों पर सुबह आंधी और तेज वर्षा से धान की फसल को नुकसान हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 28 सितंबर से मौसम में सुधार आना शुरू हो जाएगा। पांच अक्टूबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि शनिवार को कुछेक उच्च पर्वतीय इलाकों में हल्की वर्षा हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!