पौड़ी को कूड़े की समस्या से नहीं मिल रही निजात

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : मंडल मुख्यालय पौड़ी को कूड़े की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। ट्रंचिंग ग्राउंड नहीं होने के चलते नगर पालिका द्वारा तिमली बैंड पर कूड़े का निस्तारण किया जाता है। जिससे शहर वासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। शहरवासी कई बार कूड़ा निस्तारण की मांग को लेकर शासन-प्रशासन को पत्र भेज चुके है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। शहरवासियों का कहना है कि जनहित में जल्द से जल्द ट्रंचिंग ग्राउंड का निर्माण किया जाना चाहिए।
मंडल मुख्यालय पौड़ी को पिछले लंबे समय से कूड़े की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। नगर पालिका द्वारा कई बार स्थानों का भी चयन किया, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए जगह नहीं मिलने से शहर में कूड़े की समस्या बनी हुई है। शहरवासी सरिता नेगी, दिनेश बिष्ट, गबर सिंह नेगी का कहना है कि राज्य गठन के बाद से मंडल मुख्यालय पौड़ी की लगातार उपेक्षा की जा रही है। शहर में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था नहीं होने के चलते पालिका द्वारा तिमली बैंड पर लोअर चोपडा में कूड़ा डाला जा रहा है। जहां कूड़े की बदबू और आवारा जानवरों की समस्या से दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कहा कि शासन से लेकर प्रशासन को कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का कोई हल नहीं निकाला जा रहा है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन का कहना है कि मांडाखाल में ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए 1 हेक्टेयर भूमि चयनित की गई है। यहां पर करीब 70 पेड़ काटने की अनुमति के लिए वन विभाग को पत्र लिखा गया है। शासन को प्लांट स्थापित करने को लेकर पत्राचार किया गया है। अनुमति मिलने पर ट्रंचिंग ग्राउंड निर्माण का काम शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *