बहराइच में नोटिस की डेडलाइन खत्म, अब होगा बुलडोजर एक्शन, मिट्टी में मिल जाएगा, हिंसा के मुख्य आरोपी का घर

Spread the love

बहराइच , बहराइच के महाराजगंज बाजार इलाके में हिंसा के बाद एक्शन जारी है। आज महाराजगंज बाजार इलाके में प्रशासन बुलडोजर की कार्रवाई कर सकता है। सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण को लेकर पीडब्लूडी ने 23 मकानों को नोटिस दिया है। इसकी डेडलाइन खत्म हो चुकी है। पीडब्लूडी विभाग की तरफ से दिया गया तीन दिनों का टाइम पूरा हो गया है। ऐसे में पीडब्लूडी विभाग का बुलडोजर कभी भी बहराइच के महाराजगंज बाजार में गरजना शुरू कर सकता है।
लोगों ने खुद अवैध निर्माण को तोडऩा शुरू किया
पीडब्लूडी ने अपने नोटिस में साफ कहा है कि अगर लोगों ने अवैध निर्माण खुद नहीं गिराया तो प्रशासन गिराने के बाद वसूली करेगा। यही वजह है कि पीडब्लूडी के नोटिस के बाद कुछ लोगों ने अपने घर के ऊपर बने अवैध निर्माण को खुद ही तोडऩा शुरू कर दिया है।
महाराजगंज बाजार में पसरा सन्नाटा
पीडब्लूडी का नोटिस मिलने के बाद दुकानों से लोगों ने समान हटा लिया है, जो दुकानें 13 अक्टूबर से पहले तक गुलजार थीं। अब वहां सन्नाटा है। महाराजगंज बाजार में बनी अवैध दुकाने खाली हो गई हैं, लेकिन ज्यादातर लोगों ने अभी तक अवैध निर्माण को नहीं हटाया है।
महाराजगंज में बाहरियों की एंट्री पर रोक
हिंसा के बाद से बहराइच के महाराजगंज बाजार का इलाका पुलिस छावनी बना हुआ है। किसी भी बाहरी की महाराजगंज में एंट्री पर रोक है। शनिवार को यूपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय बहराइच जाना चाहते थे, लेकिन उन्हें प्रशासन ने जाने नहीं दिया। वहीं, जमीयत उलमा-ए-हिंद का एक डेलीगेशन भी बहराइच जाने के लिए दिल्ली से लखनऊ पहुंचा था। पुलिस ने उन्हें एयरपोर्ट पर ही हिरासत में ले लिया।
मुख्य आरोपी का पूरा परिवार जेल में बंद
वहीं, बहराइच हिंसा का मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद तो कानून के शिकंजे में है। लेकिन उसके घर पर इस वक्त सन्नाटा पसरा है। पूरा परिवार हिंसा के आरोप में जेल में बंद है। महिलाएं घर छोडक़र जा चुकी हैं।
हिंसा के बाद से हमीद का घर सील
राम गोपाल की हत्या के बाद भीड़ ने अब्दुल हमीद के घर पर हमला कर दिया था। इस दौरान दोनों पक्षों की तरफ से जबरदस्त पथराव और कांच की बोतलें चली थीं। हिंसा के बाद से हमीद का घर सील था। शनिवार को प्रशासन ने घर खोला है।
बुलडोजर एक्शन को बता रहे अवैध
पीडब्लूडी की कार्रवाई से पहले पुलिस गांव के प्रधान के साथ मिलकर अब्दुल हमीद के घर के सामान को सुरक्षित कराया है। वहीं,पीडब्लूडी के बुलडोजर एक्शन के नोटिस को अब्दुल हमीद के वकील कलीम हाशमी अवैध बता रहे हैं। हाशमी पुलिस पर आरोप लगा रहे है कि आरोपी जेल में है फिर भी प्रशासन उसके घर को गिराना चाहता है।
एक साल पहले भी मिला था पीडब्लूडी का नोटिस
बता दें कि हिंसा के आरोपी अब्दुल हमीद के वकील पीडब्लूडी विभाग के जिस बुलडोजर एक्शन के नोटिस को अवैध बता रहे हैं। पीडब्लूडी विभाग ने अवैध कब्जे को लेकर एक साल पहले भी ऐसा ही नोटिस दिया था। ये नोटिस अवैध निर्माण करने वाले सभी लोगों को दिया गया था। उसमें अब्दुल हमीद भी शामिल था। बावजूद इसके किसी ने अवैध निर्माण नहीं हटवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *