हल्द्वानी। उत्तराखंड परिवहन निगम ने दीपावली के त्योहार में 10 दिनों तक काम करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। इस संबंध में हल्द्वानी डिपो की ओर सभी चालक-परिचालक और कर्मचारियों को जानकारी भी दे दी गई है। उत्तराखंड परिवहन निगम ने 27 अक्तूबर से 6 नवंबर के बीच काम करने वाले चालक, परिचालक, तकनीकि कर्मचारियों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की है। एआरएम हल्द्वानी सुरेंद्र बिष्ट ने बताया कि मैदानी क्षेत्र में 11 दिनों में से एक दिन अवकाश लेकर कुल 2500 किमी वाहन संचालन करने पर चालक-परिचालक को 1500 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मैदानी व पर्वतीय मिश्रित मार्ग में 2000 किमी वाहन संचालन करना होगा। वहीं पर्वतीय मार्ग में कम से कम 1800 किमी 10 दिनों में चलना अनिवार्य है। वहीं कार्यशाला में काम करने वाले कर्मचारियों को 10 दिन काम करने पर 1000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं 31 अक्तूबर, 1, 2 और 3 नवंबर को मैदानी मार्ग में 1850 किमी, मिश्रित मार्ग में 1400 किमी और पर्वतीय मार्ग 1000 किमी वाहन संचालन पर 1500 रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस संबंध में आदेश मिलने के बाद कर्मचारियों को भी सूचित किया गया है।