बढ़ती महंगाई पर कांग्रेस ने किया पीएम का पुतला दहन
पिथौरागढ़। बढ़ती महंगाई से गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को गांधी चौक में सब्जियों की माला पहनकर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ऋषेंद्र महर की अगुवाई में प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि आलू का मूल्य 50 रुपये किलो पहुंच गया है। प्याज पहले ही 80 रुपये किलो बिक रहा है। टमाटर भी आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गया है। आम आदमी आलू-प्याज भी नहीं खरीद पा रहा है। सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल के दाम बेतहाशा बढ़ाए जा रहे हैं। अच्छे दिनों का सपना दिखाने वाली मोदी सरकार खामोश है। कांग्रेस शासनकाल में महंगाई को मुद्दा बनाने वाले भाजपा नेता कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई को काबू में करने के लिए जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कार्यकर्ता उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। पुतला दहन करने वालों में प्रदेश सचिव करन सिंह, जिला महासचिव आनंद धामी, शुभम बिष्ट, अभिषेक कोहली, घनश्याम पाटनी, राहुल भट्ट, शिवम पंत, दिनेश बिष्ट, त्रिभुवन चुफाल, विनय वर्मा, नवीन ऐरी, ललित कुमार, पारस सिंह, विजय सौन, साहिल पाल, अभिषेक, सुरेंद्र बिष्ट, भुवन जोशी, सागर कुमार, कपिल जोशी, नीरज जोशी, महेंद्र आदि शामिल थे।