निकाय चुनाव में जनता तोड़ रही भाजपा का घमंड : डा. हरक सिंह रावत

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व काबीना मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी घमंड से भरी हुई है। जनता इस बार निकाय चुनाव में इसके घमंड को तोड़ने का कार्य करेगी। कहा कि उन्होंने कोटद्वार के बेहतर विकास के लिए इसे नगर निगम बनाया था। लेकिन, प्रदेश की सत्ता में बैठी भाजपा सरकार ने सदैव कोटद्वार की अनदेखी की।
शनिवार को कांग्रेस महापौर प्रत्याशी रंजना रावत ने समर्थन में डा. हरक सिंह रावत ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उनका कोटद्वार से बहुत पुराना लगाव है। इसलिए वह यहां की जनता के दर्द को समझते हैं। कहा कि नगर पालिका में कोटद्वार क्षेत्र से सटे अन्य इलाकों का विकास नहीं हो पा रहा था। इसलिए उन्होंने कोटद्वार से विधायक रहते हुए इन इलाकों को शामिल करते हुए कोटद्वार को नगर निगम बनाया। लेकिन, प्रदेश की सत्ता में बैठी सरकार ने कोटद्वार के विकास को गंभीरता नहीं दिखाई। कहा कि कांग्रेस ने सदैव महिलाओं को प्राथमिकता दी। यही कारण है कि कोटद्वार निकाय चुनाव में कोटद्वार की सामान्य सीट होने के बाद भी कांग्रेस ने महिला को अपना प्रत्याशी बनाया। कहा कि जो नेता यमकेश्वर में हार गए थे आज भाजपा ने उन्हें निकाय चुनाव में अपना प्रत्याशी बनाया है। लेकिन, जनता ने भी कांग्रेस को चुनने का पूरा मन बना लिया है। कांग्रेस महापौर प्रत्याशी रंजना रावत ने कहा कि शहर के विकास के लिए निकाय चुनाव में कांग्रेस का जीतना आवश्यक है। भाजपा जनता को केवल झूठे सपने दिखाती है। जबकि, कांग्रेस धरातल पर काम करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता का भरोसा है। भाजपा की जनविरोधी नीतियों से खिन्न जनता अब कांग्रेस से ही विकास की उम्मीद कर रही है। कहा कि इसकी शुरूआत निकाय चुनाव से होने जा रही है। पूरे प्रदेश में निकाय चुनाव में कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने चुनाव जीतने के बाद मातृशक्ति के हितों को लेकर कार्य करने की भी बात कही। कहा कि निगम के माध्यम से महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं चलाई जाएंगी। हर समस्या के निराकरण को समय निर्धारित किया जाएगा। वह स्वयं अधिकारियों को साथ लेकर, वार्डों में पहुचेंगी। कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना होगा। इसके लिए समय-समय पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *