भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र रावत ने किया संकल्प पत्र का विमोचन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र रावत ने शनिवार को अपने संकल्प पत्र का विमोचन कर लिया है। उन्होंने जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने का वादा किया। कहा कि कांग्रेस केवल जनता को गुमराह करती है। शहर का विकास भाजपा का ट्रिपल इंजन ही कर सकता है।
शनिवार को नजीबाबाद रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में पार्टी के संकल्प पत्र के विमोचन के दौरान आयोजित पत्रकार वार्ता में शैलेंद्र रावत ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि वर्ष-2018 के बाद नगर निगम में कांग्रेस का कार्यकाल काफी निराशाजनक रहा। कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में कोटद्वार नगर निगम बुरी स्थिति में पहुंच गया। इस स्थिति को सुधारने के लिए भाजपा का जीतना आवश्यक है। कहा कि यदि भाजपा सत्ता में आती है तो जनता के हितों को लेकर कार्य किया जाएगा। मूलभूत समस्याओं के निराकरण को विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही शहर में पार्किंग व्यवस्था बनाने की भी बात कही। कहा कि पार्किंग नहीं होने से शहर में जाम की स्थिति बनी रहती है। इसलिए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना अति आवश्यक है। लैंसडौन विधायक दिलीप सिंह रावत ने कहा कि कोटद्वार में कांग्रेस टुकड़ों में बटी हुई है। इस चुनाव में कांग्रेस की लड़ाई भाजपा नहीं, बल्कि स्वयं से है। कहा कि भाजपा चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी। इस मौके पर गोसेवा आयोग के अध्यक्ष पं. राजेंद्र अण्थ्वाल, प्रदेश प्रवक्ता विपिन कैंथोला, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, ऋषि कंडवाल, सुमन कोटनाला, कमल नेगी, राजगौरव नौटियाल सहित कई अन्य मौजूद रहे।