देहरादून। राजपुर रोड पर प्लॉट दिलाने के नाम पर महिला ने एक व्यक्ति से 11 लाख रुपये हड़प लिए। आरोप है कि उन्हें जमीन के फर्जी कागज दिखाए गए। राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि आशीष अग्रवाल निवासी राजपुर रोड ने तहरीर दी कि उन्हें बरखा निवासी उमेदपुर प्रेमनगर ने 14 नवंबर 2024 को राजपुर रोड निकट मसूरी डायवर्जन पर प्लॉट दिखाया था। प्लॉट राजेद्र कुमार के नाम से दर्ज था। बरखा ने बताया कि उन्हें राजेंद्र कुमार की ओर से पावर ऑफ एटर्नी मिली है। उन्हें ओरिजनल सेल डील की मूल प्रति दिखाई, जो राजेंद्र के नाम थी। इसके बाद 11 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। बरखा ने उन्हें प्लॉट की चाबी सौंप दी। 15 नवंबर 2024 को उन्होंने कागज चैक किए तो उनमें संदेह की स्थिति पैदा हुई। कागज जमीन से नहीं मिल रहे थे। इसके बाद उन्होंने महिला से रकम लौटने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने रकम नहीं लौटाई। आरोप है कि इसके बाद प्लॉट दूसरे व्यक्ति को बेच दिया गया। जबकि महिला उनके रुपये लौटने से आनाकानी कर रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।