विकासनगर। पछुवादून की तीनों निकायों में सोमवार को स्टार प्रचारकों अपने प्रत्याशियों के समर्थन में मतदाताओं से संपर्क किया। भाजपा की ओर सेलाकुई और हरबर्टपुर में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने चुनावी सभाओं को संबोधित किया। विकासनगर में भाजपा और कांग्रेस के स्टार प्रचारकों ने मुख्य बाजार में रोड शो कर व्यापारियों से संपर्क साधा। विकासनगर बाजार में सोमवार सुबह 11 बजे भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों ने रोड शो किया। दोनो ही दलों की ओर से स्टार प्रचारक प्रचार अभियान में शामिल हुए। भाजपा की ओर से विधायक मुन्ना चौहान, पूर्व विधायक कुलदीप कुमार ने रोड शो में शामिल होकर एक साथ अपने अध्यक्ष पद की प्रत्याशी पूजा चौहान गर्ग के लिए समर्थन मांगा। इसके साथ ही पार्टी संगठन के सभी पदाधिकारी और पूर्व पदाधिकारी भी रोड शो में शामिल रहे। जबकि कांग्रेस की ओर से पूर्व मंत्री नवप्रभात और चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने अध्यक्ष पद प्रत्याशी धीरज बॉबी नौटियाल के समर्थन में रोड शो किया। दोनों ही दलों के स्टार प्रचारकों ने व्यापारियों से अपने प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की अपील की।
दोनो ही दलों ने दिखाई एकजुटता
रोड शो के दौरान भाजपा और कांग्रेस दोनों की ओर से अपनी पार्टी की एकजुटता प्रदर्शित की गई। भाजपा से विधायक मुन्ना चौहान और पूर्व विधायक कुलदीप कुमार ने एक साथ मिलकर अपने प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की अपील की। जबकि कांग्रेस से पूर्व मंत्री और चकराता विधायक ने भी एक साथ प्रत्येक व्यापारी से एक साथ मिलकर अपने प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की गुजारिश की। रोड शो के दौरान दोनो ही दलों के सभी वरिष्ठ नेता अपने प्रत्याशी के साथ एकजुट होकर चल रहे थे।