जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहीद लांस नायक रूप सिंह ( शौर्य चक्र) पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कालेज बल्ली में मैथ्स सर्कल कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने छात्र-छात्राओं को वैदिक गणित और ज्योतिष गणना के बारे में जानकारी दी। प्रधानाचार्य ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा की गणित केवल अंकों का विषय नहीं है बल्कि इसे व्यावहारिक रूप से समझना और प्रयोग करना जरूरी है।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि जगदीश प्रसाद बेबनी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य युगजीत चंद्र सेमवाल ने दीप प्रज्जवलित कर किया। गणित क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान नर्मदा सदन से कुमारी नेहा, आशीष सिंह व रोहित सिंह, द्वितीय स्थान कावेरी सदन से अमन सिंह, गणेश सिंह व रोहित सिंह तथा तृतीय स्थान यमुना सदन से कुमारी नीतू, अनूप सिंह एवं रौनक सिंह ने प्राप्त किया। गणितीय एक्टिविटी एवं सुडोकू प्रतियोगिता में कावेरी सदन से हर्षित सिंह व तनुज, गंगा सदन से अक्षत व नैतिक तथा यमुना सदन से रौनक सिंह व रौनक भंडारी ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। गणित अध्यापक संदीप बिष्ट एवं प्रवक्ता यशराज पयाल द्वारा प्रतियोगिता का संचालन किया गया।