विकासनगर। दो दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण जजरेड़ पहाड़ी से भारी मलबा आ गया जिससे कालसी-चकराता मोटर मार्ग करीब पांच घंटे बंद रहा। इस कारण वाहन चालकों और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। चकराता से विकास नगर और देहरादून जाने-वाले लोग साहिया-माक्टी-बैराटखाई मार्ग होते हुए गए। जबकि, कालसी से चकराता आने वाले वाहन लंबी दूरी तय कर कालसी-बैराटखाई मोटर मार्ग से चकराता पहुंचे। जजरेड़ के पास शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे पहाड़ी से मलबा आ गया था। इस कारण कालसी-चकराता मोटर मार्ग बंद हो गया। देखते ही देखते ही मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं, लोनिवि ने मलबा हटाने का काम शुरू किया। इस बीच कई वाहन चालक मार्ग खुलने के इंतजार में खड़े रहे, लेकिन जिन्हें जल्दी अपने गंतव्य तक पहुंचना था वह साहिया-माक्टी-बैराटखाई मार्ग होते हुए गए। लोक निर्माण विभाग साहिया की सहायक अभियंता राधिका शर्मा ने बताया कि लगातार तेज बारिश के चलते जजरेड़ पहाड़ी से भारी मलबा आया था। मलबा हटाने के लिए जेसीबी लगाई गई। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर एक बजे मोटर मार्ग को यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया।