धरातल पर उतरकर समस्याओं का करें निराकरण

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने शहर का भ्रमण करते हुए लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को धरातल पर उतरकर जन समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। महापौर ने गोखले मार्ग, रिफ्यूजी कालोनी, मोटर नगर सहित कई अन्य क्षेत्रों का भ्रमण भी किया।
महापौर शैलेंद्र रावत नगर निगम, ऊर्जा निगम, जल संस्थान सहित अन्य विभागीय अधिकारियों को साथ में लेकर शहर की व्यवस्थाओं को देखने निकले। महापौर ने कौड़िया से बुद्धा पार्क तक सड़क के दोनों ओर फुटपाथ बनाने के लिए कार्य योजना तैयार करने के निर्देश नगर निगम को दिए। गोखले मार्ग में व्यापारियों से वार्ता करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि गोखले मार्ग में यदि सब्जी मंडी रही तो इस मार्ग को पूरी तरह सब्जी मंडी के रूप में ही विकसित किया जाएगा। मंडी में किसी भी तरह के वाहन का प्रवेश निषेध होगा। यदि व्यापारी इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रखना चाहते हैं तो सब्जी मंडी को इस जगह से हटाने में सहयोग करें। भ्रमण के दौरान रिफ्यूजी कालोनी पहुंचे महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने कालोनीवासियों से मुलाकात की। वार्ता के दौरान उन्होंने आवासों का निरीक्षण भी किया। क्षेत्रीय जन ने महापौर के समक्ष उन्हें नियमित करने की मांग रखी, जिस पर महापौर ने उन्हें नियमित करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *