समाज सेवा में योगदान देने वाली महिलाओं को किया सम्मानित

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी व विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने समाज सेवा में योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। कहा कि महिलाओं को सशक्त बनना चाहिए।
आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद अनिल बलूनी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण व महापौर शैलेंद्र रावत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। विस अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं को प्रत्येक क्षेत्र में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। कहा कि महिलाओं की प्रगति से ही विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है। महिलाओं के उत्थान के लिए जरूरी है समूह के माध्यम से हम उन्हें आर्थिक मजबूती दे सकते हैं। जिससे वह समाज में गर्व की अनुभूति महसूस कर सके। महिलाएं जीवन की जननी हैं, जिसकी पूजा नौ दिन ना होकर पूरे वर्ष होनी चाहिए। सांसद अनिल बलूनी ने महिलाओं से अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार के बाहर चाय की दुकान लगाने वाली भागीरथी देवरानी, आटा चक्की चलाने वाली सुमन खंतवाल, अनीता कंडवाल, बस चलाने वाली हेमा नेगी, ई-रिक्शा चलाने वाली नीतू को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने अन्य महिलाओं को भी उक्त महिलाओं से प्रेरणा लेने की अपील की। इस मौके पर मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष सुमन कोटनाला, उमेश त्रिपाठी, विपिन कैंथोला, अनीता आर्य, सुनीता कोटनाला, मानेश्वरी बिष्ट, ऊषा थपलियाल, उर्मिला कंडारी, सोनिया असवाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *