पुलिस ने चार लोगों पर दर्ज किया मुकदमा
वन विभाग ने लिया मामले का संज्ञान, दोनों गांव के चारा पत्ती कटान पर लगाई रोक
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : थलीसैंण के जल्लू और कपरोली गांव की महिलाओं में बीती शाम चारा पत्ती को लेकर विवाद हो गया। दोनों गांवों की महिलाएं गांव के पास ही पड़ने वाले जंगल में चारा पत्ती के लिए गई हुई थी। तभी चारा पत्ती के कटान को लेकर जंगल में ही दोनों गांवों की महिलाएं आपस में ही भिड़ गई। कुछ महिलाओं को मामूली चोंटे भी आई है, हालांकि कोई भी महिला अस्पताल में भर्ती नहीं है। ममाले का संज्ञान लेते हुए वन विभाग ने जंगल के इस हिस्से में दोनों ही गांवों के चारा पत्ती कटान पर रोक लगा दी है। विवाद को देखते हुए वन विभाग ने चारा पत्ती का समस्या न हो इसके लिए दोनों ही गांवों के लिए अलग कंपारमेंटों भी बांटे है। वहीं इसी मामले में जल्लू निवासी एक व्यक्ति ने थाना थलीसैंण में कपरोली गांव के चार लोगों के विरुद्ध नामजद तहरीर भी दी है। तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिलाओं के इस विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर भी वीडियो वायरल हो रहे हैं। इन वीडियों को मंगलवार की शाम का ही बताया जा रहा है। थलीसैंण के जल्लू और कपरोली गांव की महिलाएं पशुओं के लिए चारा पत्ती लेने के लिए आरक्षित कंपारमेंट संख्या 26 में जाती रहती है। यह जंगल दोनों गांवों के पास ही है। इन दिनों पशुओं के लिए बांज की पत्तियों को पशुओं के लिए चारे के लिए महिलाएं काटती है। बताया जा रहा है पहले सोमवार को भी कुछ हल्का विवाद हुआ था। इसके बाद मंगलवार को भी चारा पत्ती को लेकर महिलाओं के बीच विवाद शुरू हो गया और यह इतना बढ़ गया कि दोनों ही गांवों की महिलाएं आपस में उलझ गई। जो वीडियो वायरल हो रहे है उनमें किसी महिला के हाथ में डंडा तो कुछ के हाथ में जंगल की पेड़ की टहनियां दिख रही है। इसी से महिलाएं एक दूसरे पर वार कर रही है। बताया जा रहा है कुछ महिलाओं को मामूली चोटें भी आई है। गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ स्वपनिल अनिरुद्ध ने बताया कि पहले भी संबंधित गांवों के साथ बैठक कर इस समस्या का निस्तारण किया गया था। लेकिन फिर चारा पत्ती को लेकर विवाद सामने आया है। थलीसैंण के रेंज अधिकारी को दोनों गांवों के लोगों के साथ शांति बैठक करने को कहा गया है। साथ ही जहां विवाद हुआ है उस जंगल में चारा पत्ती कटान पर दोनों गांवों के लिए विभाग ने रोक लगा दी है। दोनों ही गांवों के लिए अब अलग-अलग व्यवस्था की गई है, ताकि विवाद के हालत पैदा न हो। दूसरी तरफ जल्लू गांव निवासी रणवीर ने थाना थलीसैंण में चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। थलीसैंण के थाना प्रभारी लाखन सिंह ने बताया कि मनोज, सोबन, जसी और सुरेंद्र के खिलाफ तहरीर दी गई है। आरोप है कि उक्त लोगों ने रणवीर सिंह के साथ मारपीट की। तहरीर पर उक्त चारों लोगों के खिलाफ धमकाने और मारपीट करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।