रुड़की। पुलिस ने एक मकान में छापा मारकर प्रतिबंधित पशु का मांस बरामद किया है। मौके से कटान के उपकरण भी बरामद किए गए हैं। आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरु कर दी है। गुरुवार की देर शाम को पुलिस को सूचना मिली कि कोतवाली क्षेत्र के टांडा भनेड़ा गांव में एक मकान में प्रतिबंधित पशुओं का कटान किया जा रहा है। सूचना मिलने पर उप निरीक्षक मुनव्वर हुसैन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मकबूल के घर में छापा मार कारवाई की। पुलिस की भनक लगते आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा कर पकड़ने का प्रयास भी किया। लेकिन आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए। पुलिस टीम ने मौके से करीब 40 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद किया है। इसके अलावा मौके से ही कटान के उपकरण भी बरामद किए हैं। पुलिस ने प्रतिबंधित मास को कब्जे में लेकर सैंपल लेने के बाद नष्ट कर दिया है।
उप निरीक्षक मुनव्वर हुसैन ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर शांति कुमार गंगवार ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के साथ ही आरोपियों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।