कोटद्वार में गोली लगने से महिला गंभीर, रैफर
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत घमंडपुर निवासी बुजुर्ग महिला गोली लगने से घायल हो गई। कोटद्वार बेस चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद महिला को देहरादून रेफर किया गया है।
घटना शुक्रवार देर रात की है। घमंडपुर निवासी 61 वर्षीय देवेश्वरी देवी पत्नी गोविंद सिंह को शुक्रवार देर रात गंभीर घायल अवस्था में कोटद्वार के बेस अस्पताल में लाया गया। देवेश्वरी देवी के सीने के पास गोली लगी थी। चिकित्सालय से मिली सूचना के बाद कोतवाली में तैनात महिला उप निरीक्षक पूनम शाह मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट ने परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर बताया कि शुक्रवार रात को पूजा के बाद देवेश्वरी देवी अपने पति की रिवाल्वर साफ कर रही थी, इसी दौरान अचानक रिवाल्वर से फायर हो गया और गोली उसके सीने के पास लग गई। इधर, चिकित्सकों ने बताया कि घायल देवेश्वरी देवी का एक्स-रे किया गया जिसमें पता चला कि गोली पेट में जाकर धंसी है। देवेश्वरी देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।