आरोपियों को सजा दिलवाने में मदद करने वाले अधिवक्ता हुआ सम्मानित

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड राज्य निर्माण सेनानी मोर्चा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में आरोपियों को सजा दिलवाने में मदद करने वाले अधिवक्ताओं को सम्मानित किया। इस दौरान मुजफ्फरनगर कांड में पीड़ित आंदोलनकारियों व उनके परिवार को न्याय दिलवाने के लिए भी चर्चा की गई। कहा कि चार अगस्त को मामले में पांच केसो पर सुनवाई होगी।
पदमपुर सुखरो स्थित मोर्चा के कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मोर्चा के अध्यक्ष महेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पौड़ी जनपद के यमकेश्वर स्थित वनंतरा रिसार्ट में रिसेप्शनिस्ट का कार्य करने वाली अंकिता भंडारी 18 सितंबर 2022 को लापता हो गई थी। छह दिन बाद 24 सितंबर को घटनास्थल से 13 किमी. दूर चीला नहर बैराज इंटेक में उसका शव मिला था। बताया कि जांच में सामने आया कि रिजार्ट स्वामी पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर व अंकित गुप्ता ने युवती की हत्या कर दी थी। कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में अधिवक्ताओं की अहम भूमिका रही। कहा कि अधिवक्ताओं के प्रयासों की बदौलत ही आरोपितों को उम्र कैद की सजा मिल पाई। आरोपितों को उम्र कैद की सजा दिलवाने में अहम भूमिका का निर्वहन करने वाले अधिवक्ता अवनीश नेगी, अमृतांशु बड़थ्वाल, अजय पंत, रमन शाह, सरिता रानी, राजीव गौड़ व आशुतोष नेगी को सम्मानित किया गया। अधिवक्ताओं को अंबेडकर सेवा समिति के अध्यक्ष विजयपाल सिंह की ओर से सम्मानित किया गया। इस मौके पर मोर्चा के महामंत्री गुलाब सिंह रावत, मनमोहन सिंह नेगी, पितृशरण जोशी, अशोक कंडारी, संजू कश्यप, हरीश बहुखंडी, गुलाब सिंह रावत, सरिता भंडारी, प्रतिभा राणा, रेखा रावत, माया नेगी, पूनम रावत, बबली भंडारी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *