एसडीएम सतपुली ने मारा छापा, अवैध खनन में संलिप्त डंपर का किया चालान

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : तहसील प्रशासन को क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत मिलने के बाद सतपुली एसडीएम ने मंगलवार की शाम को छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान एक डंपर को मौके से पकड़ा गया, लेकिन वह भागने में सफल रहा तो उसका ऑन लाइन चालान किया गया।
वहीं इस घटना से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सतपुली के एसडीएम श्रेष्ठ गुनसोला ने बताया कि शिकायत पर बिलखेत होते हुए मंगोल, बड़ेथ और सीला क्षेत्र में चेकिंग के लिए वह टीम के साथ पहुंचे। इस दौरान एक डंपर को चेक किया गया तो उसके पास वैध रवाना नहीं पाया गया। डंपर में रेत भरी हुई थी। जिस पर डंपर को वहीं रोकते हुए पूछताछ शुरू की गई। इस बीच कुछ ग्रामीण भी मौके पर जुट गए थे और शोर शराबे के बीच डंपर चालक वहां से भाग गया। डंपर चालक के मौके से फरार होने के बाद इसकी फोटो सहित जिला खनन अधिकारी से संपर्क किया गया। इसके बाद ऑन लाइन चालन की कार्रवाई अमल में लाई गई। वायरल वीडियो को लेकर एसडीएम ने बताया कि अवैध खनन की शिकायत वाले क्षेत्र सीला, बड़ेथ, मंगोल का रास्ता पौड़ी तहसील क्षेत्र से होकर ही जाता है। मौके पर पुलिस टीम साथ न होने और भीड़ जुटती देख वह अपने वाहन से थोड़ी दूर चले गए थे। बाद में सतपुली थाने से पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *