उत्तरकाशी। संगमचट्टी-अगोड़ा मोटर मार्ग पर बुधवार सुबह गजोली के समीप भूस्खलन होने के कारण सड़क बंद हो गई थी। इससे मसूरी के एक विद्यालय के छात्र-छात्राएं व ग्रामीणों के वाहन फंस गए थे। उसके बाद ग्रामीणोंं ने स्वयं ही मलबा हटाकर आवाजाही शुरू करवाई। दूसरी ओर बुधवार शाम को उसी स्थान पर एक यूटिलिटी वाहन पर अचानक मलबा गिरा जिससे वाहन खाई में गिरने से बाल-बाल बचा। वाहन में सवार चार लोगों ने कूदकर जान बचाई।
स्थानीय निवासी राजेश पंवार, मान सिंह ने बताया कि संगमचट्टी-अगोड़ा मोटर मार्ग पर गजोली के समीप बरसात के बाद से भूस्खलन सक्रिय है। पिछले दिनों भी वहां पर करीब एक माह आवाजाही बंद रही थी। बुधवार सुबह अचानक साफ मौसम में भूस्खलन होने के कारण सड़क बंद हो गई थी। इससे मसूरी के एक निजी विद्यालय के छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों के वाहन फंस गए थे। राजेश पंवार ने बताया कि जब इस संबंध में पीएमजीएसवाई के अधिकारियों से फोन पर संपर्क किया गया तो उनकी ओर से रिसीव नहीं किया गया। उसके बाद ग्रामीणों ने स्वयं ही वहां पर मलबा हटाकर आवाजाही शुरू करवाई। इसके बाद वहां से वाहन निकाले गए लेकिन बुधवार शाम को उसी भूस्खलन जोन पर एक बड़ी घटना होने से बच गई।