जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल में जगंली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। जंगली जानवरों के हमले में अब तक कई लोग जान गंवा चुके है, जबकि कई लोग घायल हो चुके है। पैठाणी रेंज में गौशाला जा रहे एक व्यक्ति पर भालू ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पैठाणी में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया। भालू के हमले के बाद से क्षेत्र के लोगों में दहशत बनी हुई है।

गढ़वाल वन प्रभाग की पैठाणी रेंज में शुक्रवार सुबह भालू ने एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल 43 वर्षीय बलवीर सिंह को श्रीनगर बेस अस्पताल रैफर किया गया। पैठाणी रेंज के रेंजर दिनेश चंद्र नौटियाल ने बताया कि बलवीर सिंह गौशाला जा रहे थे। इसी दौरान भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और हाथ पर भालू के नाखूनों से गहरे घाव हो गए। घटना के बाद घायल बलवीर सिंह को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पैठाणी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया गया।