नौदानू में पशुपालक जागरूकता शिविर का आयोजन
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : पशुपालन विभाग की ओर से रिखणीखाल ब्लॉक के नौदानू में पशु जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन पद्धति अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान पशुओं के लिए आवश्यक औषधियां भी वितरित की गईं। शिविर में क्षेत्र के विभिन्न गांव से 24 पशुपालकों ने प्रतिभाग किया।

शिविर में पशुपालकों को केंद्र और राज्य सरकार की स्वरोजगार परक एवं स्वावलंबन योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और संक्रामक रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित आहार, नियमित टीकाकरण, बधियाकरण, कृमिनाशक दवापन, दवा स्नान और संक्रामक रोगों से बचाव के लिए टीकाकरण के महत्व के बारे में बताया गया। क्षेत्र प्रसार अधिकारी हर्ष मोहन नेगी ने पशुपालकों की समस्याएं सुनकर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। उन्होंने पशुधन बीमा योजना की जानकारी देते हुए सभी पशुपालकों से अपने पशुओं का बीमा कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि पशुधन का स्वास्थ्य और उत्पादकता बेहतर बनाकर पशुपालन को आजीविका का एक सशक्त माध्यम बनाया जा सकता है। शिविर का उद्देश्य पशुपालकों को जागरुक कर पशुधन के स्वास्थ्य एवं उत्पादकता में सुधार लाना और पशुपालन को आजीविका के एक बेहतर साधन के रूप में विकसित करना रहा। इस अवसर पर पूर्व प्रधान लक्ष्मण सिंह, पूर्व बीडीसी विनोद रावत, लक्ष्मण सिंह आदि मौजूद रहे।