खेलों से होता है बच्चों का मानसिक एवं शारीरिक विकास

एसजीआरआर लालपानी में शुरू हुई शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिताएं
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सनेह क्षेत्र के अंतर्गत श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल लालपानी में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिताएं शुरू हो गर्ई है। सीनियर वर्ग क्रिकेट मैच में भाभा हाउस और आर्यभट्ट हाउस की टीम फाइनल में पहुंची।


सोमवार को खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाचार्य डॉ. गिरीश उनियाल ने दीप प्रज्जवलित कर किया। तत्पश्चात छात्राओं ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली, पंजाबी, कुमाऊंनी गीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। इस मौके पर सभी छात्र-छात्राओं को खेल प्रतिज्ञा दिलवाई गई। प्रधानाचार्य ने मार्च पास्ट की सलामी ली। प्रधानाचार्य ने कहा कि छात्रों के उज्ज्वल भविष्य और सर्वांगीण विकास में खेलों की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि ये अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए प्रतियोगिता का आयोजन बहुत आवश्यक है। खेल से बच्चे स्वस्थ बनते हैं, और स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। खेल से ही आपसी सौहार्द व भाईचारा की भावना जागृत होती है। इस मौके पर प्राइमरी वर्ग की 100 मीटर दौड़ आयोजित की गई। जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *