मेडिकल कॉलेज निर्माण नहीं होने पर पूर्व सैनिकों ने जताया रोष

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार में मेडिकल कालेज निर्माण का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। लंबे समय से मिल रहे आश्वासनों के बावजूद मेडिकल कालेज का निर्माण शुरू नहीं होने पर पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने नाराजगी जताई है। परिषद का कहना है कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। विकास के नाम पर केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


इस संबंध में कालाबड़ क्षेत्र में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि चुनाव के दौरान नेताओं ने कोटद्वार की जनता से मेडिकल कालेज सहित कई विकास कार्यों के वादे किए थे। लेकिन, पांच वर्ष का कार्यकाल बीतने को है और क्षेत्र की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। मेडिकल कालेज निर्माण की दिशा में भी अब तक कोई ठोस प्रगति नजर नहीं आई है। वक्ताओं ने कहा कि पूर्व में मेडिकल कालेज निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई थी। इसके बाद सुरक्षा दीवार और अन्य कार्यों के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन मेडिकल कालेज धरातल पर नहीं उतर पाया। आरोप लगाया कि निर्माण के लिए चिह्नित भूमि भी अवैध खनन की भेंट चढ़ गई। इसके बावजूद जिम्मेदारों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। परिषद के सदस्यों ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से मेडिकल कालेज निर्माण की उम्मीद लगाए बैठी है। ऐसे में बार-बार आश्वासन देने के बजाय सरकार और जनप्रतिनिधियों को निर्माण कार्य शुरू कराने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। बैठक में परिषद के संरक्षक गोपाल कृष्ण बड़थ्वाल, बलवान सिंह रावत, देवेंद्र सिंह नेगी, संजय असवाल, वीरेंद्र रावत और दलवीर नेगी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *