जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में ओवरलोडेड वाहन कब बड़े हादसे का कारण बन जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। हालत यह है कि यातायात के नाम पर दोपहिया वाहनों तक सीमित परिवहन विभाग व यातायात पुलिस ने भी आज तक इस ओर ध्यान नहीं दिया। जबकि, कई बार ओवरलोड वाहन सड़क पर खराब होकर यातायात व्यवस्था में बाधा बन चुके हैं। साथ ही इनमें लगा सामान भी सड़क पर बिखरता रहता है।

कोटद्वार में पिछले कुछ वर्षों से कबाड़ का काम करने वालों की बाढ़ सी आ गई है। तमाम गली-मोहल्लों में धड़ल्ले से कबाड़ एकत्र करने की दुकानें खुल रही हैं। इन दुकान संचालकों ने जगह-जगह अपने गोदाम बनाए हुए हैं। ऐसे में इन गोदाम से निकलने वाले वाहनों में क्षमता से अधिक कबाड़ भरा जाता है। सड़क पर दौड़ते ओवलोड वाहन इसका सबसे बड़ा प्रमाण है। ऐसे वाहनों से न केवल दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। बल्कि, कई बार यह बीच सड़क पर खराब होकर भी यातायता में बाधा उत्पन्न करते हैं। कुछ दिन पूर्व कौड़िया के समीप एक कबाड़ की गाड़ी से लोहे की सीट सड़क पर गिर गई थी। गनीमत रही कि उस समय समीप से कोई व्यक्ति नहीं गुजर रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। पूर्व में क्षेत्रवासी भी कई बार इन ओवरलोड वाहनों की शिकायत कई बार जिम्मेदारी अधिकारियों से कर चुके हैं। लेकिन, अब तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।