सुर तरंग समूह गान प्रतियोगिता में एमकेवीएन स्कूल ने मारी बाजी

15 विद्यार्थियों की टीम ने देशभक्ति गीत की प्रस्तुति देकर हासिल किया प्रथम स्थान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : टीसीजी पब्लिक स्कूल, कोटद्वार की ओर से आयोजित सुर तरंग अंतर विद्यालयी समूह गान प्रतियोगिता में एमकेवीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल कण्वघाटी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।


प्रतियोगिता में एमकेवीएन स्कूल के 15 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें 12 गायक और तीन वादक शामिल रहे। विद्यार्थियों ने ‘देश जागे, देश जागे, मंत्र सब गूंजा रहे हैं’ देशभक्ति गीत की शानदार प्रस्तुति दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी सुरीली आवाज, बेहतर तालमेल और संगीत कौशल से निर्णायकों को प्रभावित किया। टीम को इस सफलता तक पहुंचाने में संगीत शिक्षिका पारुल तिवारी का विशेष योगदान रहा। विद्यालय लौटने पर विजेता विद्यार्थियों और संगीत शिक्षिका का भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय के प्रबंधक प्रकाश चंद्र कोठारी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यकारी निदेशक मयंक प्रकाश कोठारी ‘भारतीय’ ने कहा कि संगीत और कला संस्कृति की आत्मा हैं। विद्यार्थियों ने मंच पर अनुशासन और कला का बेहतरीन समन्वय प्रस्तुत किया है। शिक्षा निदेशिका सिंधु कोठारी ने विजेता टीम और संगीत शिक्षिका को बधाई दी। इस अवसर पर प्रशासनिक निदेशक विपिन जदली, प्रधानाचार्य सुनीता नैथानी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *