क्षेत्र पंचायत की बैठक में अधिकारियों की गैरहाजिरी पर हंगामा

नौगांव (उत्तरकाशी)। क्षेत्र पंचायत की बैठक में जनसमस्याओं पर जवाब देने के लिए विभागों के जिम्मेदार अधिकारी ही नहीं पहुंचे। अधिकांश विभागों की ओर से कनिष्ठ अभियंताओं को भेजे जाने पर जनप्रतिनिधियों ने कड़ी नाराजगी जताई। करीब एक घंटे तक सदन में बहस और हंगामे के बाद पंचायत प्रतिनिधियों के अनुरोध पर ब्लॉक प्रमुख सरोज पंवार ने जिलाधिकारी से दूरभाष पर वार्ता की और बैठक स्थगित करने की घोषणा कर दी। अब बैठक 18 नवंबर को होगी।
ब्लॉक सभागार में बैठक शुरू होते ही ब्लॉक प्रमुख ने साफ किया कि सदन में केवल निर्वाचित सदस्य ही बैठेंगे। इसके बाद अधिकारियों का उपस्थिति रजिस्टर मंगाया गया तो अधिकांश विभागों में सक्षम अधिकारियों के बजाय कनिष्ठ अभियंताओं की उपस्थिति दर्ज मिली। इस पर ब्लॉक प्रमुख ने नाराजगी जताते हुए कहा कि विभागाध्यक्षों की अनुपस्थिति में जनसमस्याओं का समाधान कैसे होगा।
उन्होंने कनिष्ठ अभियंताओं से साफ कहा कि विभाग के मुखिया के पहुंचने तक उन्हें सदन में उपस्थित रहना होगा।
लघु सिंचाई, वन विभाग, लोनिवि, पीएमजीएसवाई, राजमार्ग निर्माण खंड, सिंचाई, शिक्षा, पर्यटन और कृषि विभाग के सक्षम अधिकारी बैठक में मौजूद नहीं थे। कनिष्ठ अभियंताओं ने अपने उच्चाधिकारियों के छुट्टी पर होने या अन्य बैठकों में व्यस्त होने की बात कही।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *