रुद्रप्रयाग/जखोली। सुमाड़ी बाजार में रात के समय एक गुलदार कुत्ते का पीछा करते हुए दिनेश चंद्र थपलियाल के मकान की दूसरी मंजिल पर बने बाथरूम में जा घुसा। बाथरूम का दरवाजा अचानक बंद होने से गुलदार अंदर ही कैद हो गया।
सुबह परिवार के सदस्य को बाथरूम से गुर्राने की आवाज सुनाई दी तो घटना का पता चला। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर गुलदार को ट्रेंकुलाइज किया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं कुत्ता और गुलदार करीब छह घंटे तक बाथरूम में बंद रहे लेकिन गुलदार ने उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक लावारिस कुत्ता दिनेश चंद्र थपलियाल के मकान की दूसरी मंजिल पर बने बाथरूम में घुस गया था। उसका पीछा करते हुए गुलदार भी अंदर पहुंच गया। इसी दौरान अचानक दरवाजा बंद हो गया और कुत्ता व गुलदार बाथरूम में बंद हो गए। सुबह करीब साढ़े चार बजे परिवार का एक सदस्य बाथरूम गया तो अंदर से गुर्राने की आवाज सुनाई दी। उसने बाहर से बाथरूम का दरवाजा बंद कर दिया और परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सुबह पांच बजे वन विभाग को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में दहशत फैल गई।