शादी के बंधन में बंधे दो एसडीएम: कर्णप्रयाग के मां उमा देवी मंदिर में लिए सात फेरे

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के कर्णप्रयाग स्थित प्रसिद्ध मां उमा देवी मंदिर में दो उपजिलाधिकारियों ने सादगी के साथ विवाह रचाया। कर्णप्रयाग के एसडीएम अलकेश नौडियाल और भिकियासैंण (अल्मोड़ा) की एसडीएम याक्षी अरोड़ा ने मंदिर के पावन प्रांगण में सात फेरे लेकर एक-दूसरे को जीवनसाथी चुना। इस विवाह की खास बात इसका सादगीपूर्ण आयोजन रहा। आधुनिक चकाचौंध और शाही इंतजामों से दूर दोनों अधिकारियों ने विवाह के लिए धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व वाले मां उमा देवी मंदिर को चुना। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुए इस विवाह ने देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक स्थलों की खूबसूरती को भी सामने रखा।
स्थान का है विशेष महत्व
दोनों प्रशासनिक अधिकारियों के इस फैसले की खूब सराहना हो रही है। प्रदेश में प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक स्थल और पारंपरिक परिवेश पहले से ही विवाह समारोहों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे हैं। ऐसे में मंदिर परिसर में सादगी से हुआ यह विवाह उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में पहचान दिलाने के संदेश को भी मजबूती देता है।
उनका यह विवाह इस बात की मिसाल बना कि शादी की खूबसूरती भव्यता से ज्यादा उसकी परंपरा, भावनाओं और अपनत्व में भी होती है। पुजारी नरेश पुजारी ने मंदिर की महत्ता बताते हुए कहा कि यह वही पौराणिक स्थल है, जहां मां भगवती उमा ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तप किया था और सप्त ऋषियों ने उन्हें आशीर्वाद दिया था। ऐसे दिव्य स्थान पर बंधे इस अटूट बंधन को सभी ने भावपूर्ण शुभकामनाएं दीं।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *