मतदाता सूची में एक भी त्रुटि बर्दाश्त नहीं, डीएम ने अधिकारियों को दी चेतावनी

देहरादून (अलना)। जनपद में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी रिटर्निंग अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को विधानसभा क्षेत्रवार लक्ष्य निर्धारित कर मतदाता सूची का गहन सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से प्रत्येक मतदाता का सावधानीपूर्वक सत्यापन कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची में दर्ज दोहरे नामों को नियमानुसार हटाया जाए तथा नाम, पिता के नाम और अन्य विवरणों में पाई जाने वाली त्रुटियों को तत्काल ठीक कराया जाए। इसके लिए संबंधित मतदाताओं से फार्म-8 प्राप्त कर संशोधन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने जनपद में 100 वर्ष की आयु पूरी कर चुके 109 मतदाताओं और 50 ट्रांसजेंडर मतदाताओं का दोबारा सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए।
12 नवंबर को प्रकाशित हुई प्रारूप मतदाता सूची
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद में 12 नवंबर 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। इस सूची पर 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
12.28 लाख से अधिक मतदाता प्रारूप सूची में दर्ज
अधिकारियों के अनुसार 3 अक्टूबर 2026 से पहले जनपद में कुल 11,94,797 मतदाता पंजीकृत थे। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान नए मतदाताओं के पंजीकरण के बाद 12 नवंबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में कुल 12,28,746 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें 6,32,396 पुरुष, 5,96,300 महिलाएं और 50 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।
इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल करना तथा अपात्र और दोहरे नामों को नियमानुसार हटाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने और प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *